राजुरा में बुकी पापा जाधव की गोली मारकर हत्या

राजुरा : चंद्रपुर जिले के राजुरा शहर में जिला एवं सत्र न्यायालय के सामने क्रिकेट बुकी विनोद उर्फ ‘पापा’ जाधव की गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जाधव अपने कुछ मित्रों के साथ नारियल पानी की दुकान के पास बैठे थे। इसी दौरान बाइक से मुंह ढककर पहुंचे दो युवकों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने जाधव के सिर और सीने पर गोलियां चलाईं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जाधव को तत्काल राजुरा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए चंद्रपुर रेफर किया। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत होने की जानकारी सामने आई है।
दो संदिग्धों के नाम सामने आए
इस मामले में इंदिरानगर, राजुरा निवासी करण मेकलवार (22) और दीपक बाविसकर (24) के नाम संदिग्ध आरोपियों के तौर पर सामने आए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ने घटना के बाद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राजुरा पुलिस थाने के निरीक्षक नितीन चिंचोलकर ने तत्काल घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है और वारदात में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की संभावना है।

