अतिक्रमण पर मनपा का एक्शन, कई जगहों पर कार्रवाई
पर शहर के मुख्य मार्ग कस्तूरबा रोड पर स्थित अवैध निर्माण कार्य अब भी कार्रवाई से कोसों दूर

चंद्रपुर, ब्यूरो : शहर में बढ़ते अतिक्रमण और नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों पर चंद्रपुर महानगरपालिका ने बुधवार को सख्त कार्रवाई की। मनपा के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चलाते हुए अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग, सार्वजनिक सड़कों और मनपा की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
मँगो ट्री में होटल पर कार्रवाई
जिला स्टेडियम परिसर के मँगो ट्री रेसिडेंशियल एरिया में आवासीय उपयोग के लिए निर्धारित परिसर में कथित तौर पर व्यावसायिक गतिविधि संचालित किए जाने की जानकारी मनपा को मिली थी। निरीक्षण के बाद मनपा की टीम ने संबंधित होटल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
मनपा की जमीन से हटाया कब्जा
अभियान के दौरान महानगरपालिका के अधिकार क्षेत्र में आने वाली खुली जमीन पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। कार्रवाई के बाद संबंधित जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
हवेली गार्डन में सड़क खाली कराई
हवेली गार्डन परिसर के मुख्य मार्ग पर सड़क की जगह पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी मनपा ने कार्रवाई की। अतिक्रमण हटाकर सड़क का हिस्सा यातायात के लिए खाली कराया गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है।
अतिक्रमणकारियों को मनपा की चेतावनी
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों, खुली जमीन और महानगरपालिका की संपत्ति पर किए गए अनधिकृत कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहने की जानकारी मनपा प्रशासन की ओर से दी गई है।
मनपा प्रशासन द्वारा अतिक्रमण पर और मैंगो ट्री होटल पर की गई कार्रवाई सराहनीय है। पर अब भी शहर के मुख्य मार्ग कस्तूरबा रोड पर sbi बैंक के सामने किया गया अवैध निर्माण कार्य जो कि तो मौजूद है। इस अवैध निर्माण कार्य पर सहायक आयुक्त शुभांगी सूर्यवंशी द्वारा कागजी नोटिस भेजने का खेल जारी है। और कार्रवाई से दूर रखने का प्रयास मनपा प्रशासन द्वारा किया जा रहा है? इस अवैध निर्माण कार्य की भी स्थानीय नागरिक द्वारा शिकायत की गई है। पर मनपा प्रशासन द्वारा इस अवैध निर्माण को अभय देने का काम किया जा रहा है। मनपा प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से चंद्रपुर वासियों के मन में अब यह सवाल खड़ा हो रहा हैं कि क्या शहर में अवैध निर्माण पर सबके लिए अलग अलग नियम है? अगर नहीं तो आखिर क्यों इस अवैध निर्माण कार्य पर मनपा प्रशासन चंद्रपुर कार्रवाई नहीं की जा रही है? खैर अब देखना यह है की मनपा प्रशासन द्वारा दी गई चेतावनी पर मनपा खुद कायम रह कर क्या कस्तूरबा रोड पर स्थित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाएगा? या फिर लेनदेन कर इस अवैध निर्माण कार्य को कार्रवाई से दूर रखेगा?

