चंद्रपुर में हत्या से दहशत

चंद्रपुर :- चंद्रपुर शहर के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित मित्र नगर इलाके में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावर ने एक युवक पर पत्थर से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष अरुण भेंडे के रूप में बताई जा रही है, जो मूल रूप से अमरावती जिले के पाला गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि संतोष भेंडे मित्र नगर से कही जा रहा था, तभी बाइक पर सवार होकर आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
हमलावर ने पत्थर से मृतक पर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग हरकत में आया। उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले तथा रामनगर थाना प्रभारी प्रभावती एकूरके अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। वहीं, फरार आरोपी की तलाश जारी है।

