
घुग्घुस:- घुग्घुस शहर के लिए सोमवार का दिन कभी न भूलने वाला साबित हुआ। इंदिरा नगर के पांच दोस्त हंसी-खुशी घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके परिवारों पर ऐसा दुख टूट पड़ा जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। वर्धा नदी के बेलोरा घाट पर नहाने गए पांच युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई।
मृतकों में तन्मय पाथडे (17), सनी असमपेली (18), समय सोनटक्के (17), रोहित बोबडे (19) और नकुल केलजलकर (18) शामिल हैं। बताया जाता है कि सोमवार दोपहर सभी दोस्त घर से निकले थे, लेकिन उन्होंने अपने परिवार वालों को नदी पर जाने की जानकारी नहीं दी थी।
जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सभी के फोन बंद मिले। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ लोगों ने उन्हें वर्धा नदी की ओर जाते हुए देखा था, जिसके आधार पर परिजन बेलोरा घाट पहुंचे।
घाट पर पहुंचने के बाद किनारे पर पड़े कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पलें देखकर परिवार वालों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही घुग्घुस पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। रातभर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरे के कारण अभियान रोकना पड़ा।
मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किए गए खोज अभियान में सबसे पहले तन्मय पाथडे का शव इंटेक वेल के पास मिला। इसके बाद नकुल केलजलकर और सनी असमपेली के शव बरामद किए गए। बाद में रोहित बोबडे और समय सोनटक्के के शव भी खोज दल ने नदी से बाहर निकाले। पांचों शव इंटेक वेल क्षेत्र के आसपास से मिले।
एक ही मोहल्ले के पांच युवकों की एक साथ मौत की खबर से पूरे घुग्घुस शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और पूरे शहर में इस दुखद घटना को लेकर गहरा दुःख व्यक्त किया जा रहा है।

