नर बाघ की संदिग्ध मौत, जांच में जुटा वनविभाग

चंद्रपुर | 30 जून
चंद्रपुर जिले के सावली वन परिक्षेत्र अंतर्गत मूल तहसील के चिकली चक क्रमांक-2 स्थित गैर वन क्षेत्र में एक वयस्क नर बाघ का शव मिलने से वन विभाग में खलबली मच गई है। मृत बाघ की अनुमानित आयु 6 से 7 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच के अनुसार बाघ की मृत्यु घटना सामने आने से लगभग 24 घंटे पहले हुई होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
घटनास्थल पर सहायक वन संरक्षक विकास तरसे, वन परिक्षेत्र अधिकारी विनोद धुर्वे सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, WPSI, NTCA, ईको प्रो के प्रतिनिधि, वन्यजीव जीव विज्ञानी तथा पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल का परीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
निरीक्षण के दौरान बाघ के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। प्रारंभिक जांच में किसी भी अंग के गायब होने या अवैध शिकार से जुड़े स्पष्ट संकेत नहीं मिले। इसके बाद राजोली नर्सरी में विशेषज्ञों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम किया गया तथा वैज्ञानिक परीक्षण के लिए आवश्यक नमूने सुरक्षित रखे गए।
वन विभाग की जानकारी के अनुसार बाघ की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

