NEET परीक्षा देने आए छात्रों के परिजनों के लिए मुस्लिम समुदाय ने खोले मदद के द्वार

चंद्रपुर | प्रतिनिधि नीट (NEET) 2026 के आयोजन के दौरान चंद्रपुर में मानवता की एक सुंदर मिसाल देखने को मिली। 21 जून 2026 को आयोजित NEET परीक्षा के लिए विभिन्न केंद्रों पर बड़ी संख्या में छात्र एवं उनके परिजन पहुंचे थे। इसी दौरान रफी अहमद किदवई हाईस्कूल परीक्षा केंद्र पर स्थानीय मुस्लिम समुदाय द्वारा विद्यार्थियों के परिजनों के लिए विशेष सहायता केंद्र स्थापित किया गया।
विशेष बात यह रही कि रफी अहमद किदवई हाईस्कूल में पहली बार NEET परीक्षा का केंद्र बनाया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा देने पहुंचे थे। छात्रों के साथ आए परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम समुदाय के नागरिकों ने बैठने और आराम करने की व्यवस्था की।
परीक्षा के दौरान कई घंटों तक बाहर इंतजार कर रहे परिजनों की सुविधा के लिए घुटकला वार्ड स्थित उमर मस्जिद के दरवाजे भी खोल दिए गए, ताकि वे धूप और गर्मी से बचकर आराम कर सकें। इसके अलावा परिजनों के लिए नाश्ते और पेयजल की भी व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस सेवा कार्य में मौलाना अब्दुल मजीद, शफीक अहमद , साबिर सर, मोहम्मद वसीम सहित मुस्लिम समुदाय के अनेक नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
मुस्लिम समुदाय द्वारा किया गया यह सराहनीय प्रयास छात्रों और उनके परिजनों के लिए राहत लेकर आया, जिसकी भरपूर प्रशंसा शहर वासियों द्वारा की गई। और परीक्षा के लिए आए छात्रों के परिजनों ने भी इस कार्य की सराहना की और आभार व्यक्त किया।

