आयुष नोपानी जिले के नए पुलिस अधीक्षक, अवैध धंधों पर कसेगा शिकंजा?

चंद्रपुर जिले में पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है। जिले के पुलिस अधीक्षक मुमक्का सुदर्शन का तबादला अहिल्यानगर कर दिया गया है। उनकी जगह अब जालना जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में कार्यरत आयुष नोपानी को चंद्रपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
यह फेरबदल महाराष्ट्र गृह विभाग द्वारा जारी उस आदेश का हिस्सा है, जिसमें कुल 21 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस निर्णय को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आयुष नोपानी इससे पहले वरोरा में उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान कई बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया गया, जिससे अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ नजर आया। उनकी पहचान एक सख्त और एक्शन लेने वाले अधिकारी के रूप में रही है।
अब पूरे जिले की कमान संभालने के साथ ही उनके सामने कई बड़ी चुनौतियां भी होंगी। चंद्रपुर जिले में इन दिनों अवैध धंधों का जाल तेजी से फैल रहा है। खासकर ऑनलाइन सट्टा बुकियों ने अपना नेटवर्क मजबूत कर लिया है। इसके अलावा अवैध सुगंधित तंबाकू सिंडिकेट और रेती तस्करी जैसे गैरकानूनी कारोबार भी लगातार बढ़ रहे हैं।
ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि नए एसपी आयुष नोपानी इन अवैध गतिविधियों पर किस तरह लगाम लगाते हैं और जिले में कानून-व्यवस्था को किस हद तक मजबूत कर पाते हैं।

