बाबूपेठ में समय रहते टला संभावित बाढ़ संकट
जनप्रतिनिधियों की तत्परता से मिली बड़ी राहत

चंद्रपुर, दि. 31 जुलाई : लगातार हो रही बारिश के चलते बाबूपेठ क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका पैदा हो गई थी। स्थिति की जानकारी मिलते ही झोन क्रमांक 3 के सभापति एवं नगरसेवक रामनरेश यादव, नगरसेविका सोनिया ताई उंदिरवाडे, राजवीर यादव, प्रशांत उंदिरवाडे एवं मानकर काका ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान चांदाफोर्ट रेलवे के नए पुल के समीप पानी का बहाव बाधित पाए जाने से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति गंभीर होने की आशंका नजर आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभापति रामनरेश यादव ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से बाधित जलनिकासी मार्ग को खोलने का काम शुरू किया गया, जिससे पानी का प्रवाह सुचारू हुआ और संभावित बाढ़ का खतरा काफी हद तक टल गया।
समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई से बाबूपेठ क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिली। स्थानीय नागरिकों ने संकट की स्थिति में तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचने तथा तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई करवाने के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था पर समय रहते ध्यान दिए जाने से बाबूपेठ में संभावित बाढ़ संकट को टालने में सफलता मिली।

