google.com, pub-7118703508047978, DIRECT, f08c47fec0942fa0
आपला जिल्हा

नागपुर ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, नो पार्किंग का बोर्ड नहीं फिर भी काटा 786 रु का चालान

नागपुर। शहर में ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। नागपुर के गिट्टी खदान मार्ग स्थित पूनम चेंबर्स के पास छावनी क्षेत्र में एक बाइक चालक के खिलाफ कथित तौर पर बिना किसी पूर्व चेतावनी के चालान काटे जाने और उसके साथ बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अय्यूब अली नामक व्यक्ति ने अपनी बाइक क्रमांक MH 40 DA 5524 पूनम चेंबर्स के पास खड़ी की थी। उनका कहना है कि जिस स्थान पर उन्होंने बाइक पार्क की थी, वहां दोपहिया या चारपहिया वाहनों के लिए नो पार्किंग का कोई सूचना फलक अथवा संकेतक मौजूद नहीं था।

इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस अधिकारी पवार मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर बिना किसी पूर्व चेतावनी के अय्यूब अली की बाइक का 786 रुपये का चालान काट दिया। आरोप है कि चालान को लेकर सवाल उठाने पर अधिकारी ने उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और तत्काल चालान भरने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, चालान नहीं भरने पर वाहन जमा करने की चेतावनी भी दी गई।

 

बताया जाता है कि परिस्थितियों को देखते हुए अय्यूब अली ने चालान की राशि जमा कर दी। हालांकि, उनका कहना है कि जब संबंधित स्थान पर नो पार्किंग का कोई बोर्ड या संकेतक ही नहीं लगाया गया था, तो फिर किस आधार पर उनके वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई?

इस घटना के बाद अय्यूब अली ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारी के व्यवहार और कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

अब सवाल यह उठता है कि क्या बिना स्पष्ट नो पार्किंग संकेतक के वाहन चालक पर इस तरह जुर्माना लगाना उचित है? क्या ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को वाहन चालकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं करना चाहिए?

 

Share
Back to top button