महानगरपालिका द्वारा मूर्ति निर्माण कार्य तत्काल बंद करने की कांग्रेस की मांग
कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहर) रामू तिवारी की उपस्थिति में मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

चंद्रपुर: शहर पुलिस स्टेशन और सात मंजिला इमारत के बीच की जगह पर चंद्रपुर महानगरपालिका के माध्यम से अचानक एक मूर्ति का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। यह जगह वर्तमान में पुरातत्व विभाग के संरक्षण में होने के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के शुरू किए गए इस कार्य को लेकर तीव्र नाराजगी व्यक्त की जा रही है। इस अनधिकृत कार्य की कड़ी निंदा करते हुए चंद्रपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रितेश (रामू) तिवारी ने इस निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मागणी की है। उन्होंने इस संबंध में महानगरपालिका आयुक्त विपिन पालीवाल को ज्ञापन सौंपकर उक्त निर्माण कार्य को तुरंत स्थगित करने की मांग की है।
चंद्रपुर शहर में सात मंजिला इमारत के सामने फुटपाथ पर स्व. गंगुबाई जोरगेवार (अम्मा) टोकरियाँ बेचने के लिए बैठा करती थीं। उस स्थान को “अम्मा चौक” नाम देने के लिए मनपा प्रशासन ने सहमति दी है। चंद्रपुर शहर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, समाजसेवियों, और पूर्व जनप्रतिनिधियों के कार्यों की स्मृति में मनपा ने कभी स्मारक बनाने पर विचार नहीं किया। लेकिन एक महिला जो उस स्थान पर टोकरियाँ बेचती थी, उनके नाम पर उस क्षेत्र का नामकरण करना कितना उचित है? यह पूरा क्षेत्र गांधी चौक के रूप में जाना जाता है, लेकिन इस पहचान को मिटाने की साजिश रची जा रही है, ऐसा आरोप तिवारी ने लगाया।
तिवारी ने बताया कि यह क्षेत्र पुरातत्व विभाग के संरक्षण में आता है। उस स्थान पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करना कानून के खिलाफ है। इस तरह की कार्रवाई से शहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को खतरा हो सकता है।
महानगरपालिका को इस मामले में तत्काल स्पष्टीकरण देना चाहिए और संबंधित कार्य को रोकने की कार्रवाई करनी चाहिए, ऐसी मांग भी इस ज्ञापन में की गई है।