चंद्रपुर फेरो अलॉय प्लांट में नवीनीकृत ‘विलय स्तंभ’ का उद्घाटन
फिटनेस पाथ और दर्शक दीर्घा का भी लोकार्पण, ऐतिहासिक स्थल को मिला नया स्वरूप

चंद्रपुर: SAIL–चंद्रपुर फेरो अलॉय प्लांट (CFP) में महाराष्ट्र इलेक्ट्रोस्मेल्ट लिमिटेड (MEL) के स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में विलय की ऐतिहासिक स्मृति को संजोए ‘विलय स्तंभ’ का नवीनीकरण एवं पुनर्स्थापन के बाद उद्घाटन किया गया। 28 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में SAIL के कार्यकारी निदेशक श्री पी. मुरुगेसन ने नवीनीकृत विलय स्तंभ का उद्घाटन किया। इसी अवसर पर CFP फिटनेस पाथ और दर्शक दीर्घा (Spectators Gallery) का भी उद्घाटन किया गया।
गौरतलब है कि 12 जुलाई 2011 को तत्कालीन महाराष्ट्र इलेक्ट्रोस्मेल्ट लिमिटेड का SAIL में विलय हुआ था। इसके बाद यह इकाई SAIL की पूर्ण इकाई के रूप में चंद्रपुर फेरो अलॉय प्लांट के नाम से कार्यरत है। इसी ऐतिहासिक परिवर्तन की स्मृति में CFP स्पोर्ट्स क्लब/डॉ. बी. आर. अंबेडकर स्नेह मंच के समीप ‘विलय स्तंभ’ स्थापित किया गया था।
समय के साथ यह स्थल टाउनशिप के निवासियों और आसपास के लोगों के लिए एक परिचित स्थान के साथ-साथ मनोरंजन एवं स्वास्थ्य गतिविधियों का केंद्र बन गया। विलय स्तंभ के समीप लगभग 500 मीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक है, जिसका उपयोग लोग नियमित रूप से सुबह-शाम की सैर, व्यायाम और अन्य फिटनेस गतिविधियों के लिए करते हैं।
SAIL-CFP द्वारा किए गए नवीनीकरण से इस ऐतिहासिक स्थल को नया स्वरूप मिला है। साथ ही, SAIL के साथ प्लांट के ऐतिहासिक जुड़ाव और विलय की याद को भी संरक्षित किया गया है। क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए यहां हाई-मास्ट लाइटिंग सुविधा भी स्थापित की गई है। इससे शाम और रात के समय क्षेत्र में रोशनी एवं दृश्यता बेहतर होने के साथ वॉकिंग ट्रैक का उपयोग अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) एवं अतिरिक्त प्रभार M&C श्री डी. वी. रवि चंदर, मुख्य महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) श्री के. एस. सुरेश, मुख्य महाप्रबंधक (वर्क्स) श्री राजेश डी. गायकवाड़, महाप्रबंधक (HR) श्री एल. प्रवीण कुमार, महाप्रबंधक (सिविल, प्लांट एवं टाउन) श्री आर. आर. जनबंधु, GM Electrical (P&S) श्री पी. एन. उराड़े, GM Vigilance एवं ACVO श्री रमेश व्यास तथा AGM Finance श्री मनीष भाटिया सहित SAIL-CFP के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अरिंदम डे एवं पदाधिकारी, MEKU के वर्किंग प्रेसिडेंट श्री बी. के. मून, मानद महासचिव श्री चंद्रशेखर पोडे एवं अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी, ठेका श्रमिक, उनके परिवार के सदस्य तथा आम नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पी. मुरुगेसन ने कहा कि ‘विलय स्तंभ’ प्लांट के इतिहास के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का प्रतीक है। यह महाराष्ट्र इलेक्ट्रोस्मेल्ट लिमिटेड से चंद्रपुर फेरो अलॉय प्लांट बनने और SAIL परिवार के साथ इसके एकीकरण की यात्रा को दर्शाता है।
उन्होंने उत्पादन एवं संचालन को मजबूत करने में CFP को SAIL की ओर से मिल रहे निरंतर सहयोग को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह अवसर प्लांट की ऐतिहासिक यात्रा को याद करने के साथ-साथ SAIL परिवार के अभिन्न अंग के रूप में CFP की उपलब्धियों को उत्सव के रूप में मनाने का भी अवसर है।
श्री मुरुगेसन ने चंद्रपुर के लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता की भी सराहना की। उन्होंने नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए नागरिकों से उपलब्ध फिटनेस एवं मनोरंजन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
नवीनीकृत विलय स्तंभ, फिटनेस पाथ और दर्शक दीर्घा की इस पहल को स्थानीय नागरिकों एवं आम जनता की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया और सराहना मिली। कार्यक्रम का समन्वय SAIL–चंद्रपुर फेरो अलॉय प्लांट के सिविल विभाग द्वारा किया गया।

