google.com, pub-7118703508047978, DIRECT, f08c47fec0942fa0
आपला जिल्हा

जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत, वन विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

चंद्रपुर, 3 जुलाई 2026। चंद्रपुर वन विभाग के सावली वन परिक्षेत्र अंतर्गत व्याहाड उपक्षेत्र के सामदा क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अतुल फकीरा गोहणे (निवासी सोनापुर) के रूप में हुई है।

 

वन विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, घटना 2 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे सामदा–सोनापुर मार्ग पर स्थित नागोबा देवस्थान के समीप हुई। बताया गया कि एक जंगली नर हाथी सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अतुल गोहणे अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। हाथी को देखकर दोनों साथी भाग गए, जबकि अतुल वहीं रुक गया। इसके बाद हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय वन अधिकारी राजन तलमले, सहायक वन संरक्षक विकास तरसे, वन परिक्षेत्र अधिकारी विनोद धुर्वे सहित वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग ने बताया कि 29 मई 2026 से सावली क्षेत्र में 30 से 32 जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है, ड्रोन से निगरानी की जा रही है तथा आसपास के ग्रामीणों को समय-समय पर सतर्क किया जा रहा है।

विभाग के अनुसार, 1 जुलाई की रात हाथियों का मुख्य झुंड वैनगंगा नदी पार कर गड़चिरोली जिले की ओर चला गया था, लेकिन एक बड़ा नर हाथी पीछे रह गया था। उसी हाथी की निगरानी के दौरान यह दुखद घटना हुई।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बिना आवश्यक कारण वन क्षेत्र में प्रवेश न करें, जंगली हाथियों के पास जाने या उनके फोटो-वीडियो बनाने का प्रयास न करें तथा हाथी दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। विभाग का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।

Share
Back to top button