NEET UG के बाद अब TET परीक्षा का पेपर भी लीक, महाराष्ट्र में परीक्षा स्थगित

मुंबई/चंद्रपुर | 27 जून|
देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। NEET UG विवाद के बाद अब महाराष्ट्र की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 भी पेपर लीक के संदेह के चलते चर्चा में आ गई है। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने रविवार, 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा को अंतिम समय में स्थगित कर दिया है।
परीक्षा परिषद के अनुसार, 27 जून की सुबह एक गोपनीय सूचना मिली थी कि भिवंडी में कुछ लोगों के पास टीईटी पेपर से जुड़ी जानकारी मौजूद है। सूचना मिलते ही भिवंडी पुलिस ने संबंधित स्थान पर छापा मारकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्धों के पास मिले कुछ प्रश्न टीईटी जून 2026 के पेपर से मेल खाते पाए गए। इसके बाद भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 28 जून को होने वाली टीईटी परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीख और आगे की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
इस घटना के बाद एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की गोपनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस तरह से देश भर में परीक्षा से पहले पेपर लीक हो रहा है। उससे छात्रों के मन में और परिजनों में शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ काफी रोष जताया जा रहा है। भारत में निष्पक्ष और पारदर्शित तरीके से कब परीक्षा होगी ऐसा सवाल छात्रों द्वारा उठाया जा रहा है। साथ ही इस तरह से पेपर लिक छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। ऐसा शिक्षा क्षेत्र के जानकारों का कहना है।

