चंद्रपुर के जिलाधिकारी पद पर वसुमना पंत ने संभाला कार्यभार

चंद्रपुर :- भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2017 बैच की अधिकारी वसुमना पंत ने शुक्रवार (3 अप्रैल) को चंद्रपुर जिले के जिलाधिकारी पद का कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिलाधिकारी डॉ. नितीन व्यवहारे, निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार, चंद्रपुर के उपविभागीय अधिकारी विशालकुमार मेश्राम तथा उपजिलाधिकारी शुभम दांडेकर ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
वसुमना पंत ने वर्ष 2017 में सिविल सेवा में प्रवेश करने के बाद नंदुरबार में उपविभागीय दंडाधिकारी तथा एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना में परियोजना अधिकारी के रूप में अपने प्रशासनिक कार्यकाल की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।
इसके बाद उन्होंने वाशीम जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने ग्रामीण विकास परियोजनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अतिरिक्त उन्होंने फलोत्पादन निदेशक तथा वनामती निदेशक के पद पर भी कार्य किया है। नागपुर महानगरपालिका में अतिरिक्त आयुक्त के रूप में सेवाएं देने के साथ ही उन्होंने नागपुर स्मार्ट एंड सस्टेनेबल सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला है।

