google.com, pub-7118703508047978, DIRECT, f08c47fec0942fa0
आपला जिल्हा

भद्रावती शहर में ईद-ए-मिलाद का जुलूस श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, सर्वधर्म समभाव का दिया संदेश

शहर प्रतिनिधि: सरफराज़ खान पठान

भद्रावती। मुस्लिम समाज के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जयंती के अवसर पर बुधवार, 26 अगस्त 2026 को भद्रावती शहर में ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भद्रनाग वार्ड स्थित शाही चौक मदिना मस्जिद की जश्ने ईद मिलादुन्नबी कमेटी की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया।

ईद-ए-मिलाद का जुलूस शाही चौक स्थित मदिना मस्जिद से प्रारंभ हुआ। जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए पुराने बस स्टॉप पहुंचा। यहां जुलूस में शामिल नागरिकों के लिए मिठाई का वितरण किया गया। इसी अवसर पर भद्रावती में नव नियुक्त परिवीक्षाधीन पुलिस उपअधीक्षक सचिन खेत्रे का मुनाज शेख, नगरसेवक फैयाज शेख, जफर शेख तथा मौलाना फारूक के हाथों पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

इसके बाद जुलूस पंचशीलनगर होते हुए डोलारा प्रभाग पहुंचा। यहां स्थानीय कमेटी की ओर से जुलूस का स्वागत करते हुए लोगों को खीर एवं अल्पोपहार वितरित किया गया। आगे जुलूस स्वर्गीय बाळासाहेब ठाकरे प्रवेशद्वार के समीप पहुंचने पर स्थानीय कमेटी द्वारा स्वागत कर मिठाई बांटी गई।

इसके बाद जुलूस मुख्य मार्ग से आगे बढ़ते हुए शिंदे हॉस्पिटल के सामने पहुंचा। यहां सरकार ताजुल औलिया कमेटी की ओर से राहील शेख, अशपाक शेख (राही), रेहान, वसीम पठाण सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति में अफजल शेख एवं मौलाना फारूक का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

सर्वधर्म समभाव की दिखी मिसाल

ईद-ए-मिलाद के जुलूस की खास बात यह रही कि विभिन्न धर्मों के नागरिकों ने भी जुलूस का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। शहर में जगह-जगह सरबत, मिठाई, बिस्किट और पानी का वितरण कर सामाजिक एकता एवं सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया गया। आपसी भाईचारे और सद्भावना के इस माहौल ने शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत किया।

शिंदे कॉलेज के समीप कांग्रेस पार्टी की ओर से जुलूस का स्वागत किया गया। वहीं नगर परिषद के समीप नगराध्यक्ष प्रफुल चटकी की ओर से जुलूस का स्वागत कर फल एवं मिठाई वितरित की गई।

इसके बाद जुलूस जामा मस्जिद चौक पहुंचा, जहां सूफी कमेटी की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए मसाला भात एवं जलेबी का आयोजन किया गया था।

अंत में जुलूस जामा मस्जिद चौक से मार्गक्रमण करते हुए पुनः शाही चौक स्थित मदिना मस्जिद पहुंचा। यहां मौलाना फारूक की समारोपीय प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से चोख सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

ईद-ए-मिलाद के इस आयोजन ने भद्रावती शहर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सर्वधर्म समभाव का सुंदर संदेश दिया।

Share
Back to top button